मुजफ्फरनगर: शिव चौक पर कांवड़ सुरक्षा में तैनात RRF के जवान, बारिश में भी डटे रहे सुरक्षा प्रहरी

श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उप्र की मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ-साथ आरआरएफ (RRF) के जवान भी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

मुजफ्फरनगर: शिव चौक पर कांवड़ सुरक्षा में तैनात RRF के जवान, बारिश में भी डटे रहे सुरक्षा प्रहरी
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उप्र की मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ-साथ आरआरएफ (RRF) के जवान भी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

गुरुवार को शिव चौक पर हुई बारिश के बीच भी आरआरएफ के जवान छाता लेकर लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी।

शिव चौक से गुजर रहे हजारों कांवड़ियों के बीच सुरक्षा बलों ने अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बारिश के बावजूद किसी भी जवान ने अपने कर्तव्य से पीछे हटने का नाम नहीं लिया।

जवान लगातार भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने तथा किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता के साथ डटे रहे।

बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई थीं, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ने के लिए लगातार मार्गदर्शन किया। शिव चौक जैसे अत्यधिक व्यस्त और संवेदनशील स्थल पर पुलिस एवं आरआरएफ की संयुक्त तैनाती से कांवड़ियों को सुरक्षित वातावरण मिला।

कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख चौराहों, मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल के साथ आरआरएफ के जवान भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनका उद्देश्य यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

श्रद्धालुओं ने भी सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि बारिश जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी सुरक्षा बल पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं। जवानों की तत्परता और समर्पण से कांवड़ियों में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। पुलिस और आरआरएफ की यह मुस्तैदी श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में अहम भूमिका निभा रही है।