सहारनपुर में युवा कांग्रेस नेता मुस्तफा हाउस अरेस्ट, बोले- लोकतंत्र और संविधान की हो रही है हत्या

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सहारनपुर में युवा कांग्रेस नेता मुस्तफा हाउस अरेस्ट, बोले- लोकतंत्र और संविधान की हो रही है हत्या
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में उप्र के सहारनपुर जिले के युवा कांग्रेस नेता मुस्तफा को भी हाउस अरेस्ट किया गया। मुस्तफा ने मीडिया से बातचीत में इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए केंद्र सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा।

मुस्तफा ने कहा कि वह महज 22 साल के युवा हैं और अपने अधिकारों की मांग करने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि पुलिस की तैनाती और हाउस अरेस्ट से उनका मनोबल टूटने वाला नहीं है। जब तक राहुल गांधी जमीन पर रहकर जनता की आवाज उठाते रहेंगे, वह भी उनके साथ खड़े रहेंगे मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों पर मुस्तफा ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी फर्जी मतदाताओं का मुद्दा उठा चुके हैं।

उनका आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में बूथ स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं और निर्वाचन आयोग को इस मामले में जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष और सख्त तरीके से काम करे तो ऐसी गड़बड़ियों की गुंजाइश नहीं रहेगी।

दिल्ली में विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के सवाल पर मुस्तफा ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना संविधान द्वारा दिया गया अधिकार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन रोककर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मुस्तफा ने कांग्रेस और सपा के गठबंधन का समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सिपाही हैं और गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा सरकार को जनता के विरोध का सामना करना पड़ेगा।