रायबरेली में वृद्ध महिला से दुष्कर्म, लालगंज क्षेत्र में उबाल, आरोपित की गिरफ्तारी की मांग

लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रायबरेली में वृद्ध महिला से दुष्कर्म, लालगंज क्षेत्र में उबाल, आरोपित की गिरफ्तारी की मांग
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले के लालगंज क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर से बाहर शौच के लिए निकली एक वृद्ध महिला के साथ अज्ञात व्यक्ति ने पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस जघन्य वारदात के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन महिला को तत्काल लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई है, जबकि आगे के उपचार की आवश्यकता बताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद से लालगंज क्षेत्र में लोगों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।