औरैया: युवक को गोली मारने के तीन आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद

औरैया पुलिस ने 10 जनवरी को एक युवक को गोली मारने के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली औरैया, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

औरैया: युवक को गोली मारने के तीन आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र की औरैया पुलिस ने 10 जनवरी को एक युवक को गोली मारने के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली औरैया, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ऋषभ गौतम उर्फ बादशाह, ध्रुव सक्सेना और रवि गुप्ता उर्फ टनटन शामिल हैं। इन्हें थाना कोतवाली औरैया क्षेत्र के कखावतू मोड़ से पकड़ा गया।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सदर कोतवाली में जानकारी देते हुए बताया कि 10 जनवरी को डायल 112 के माध्यम से दिबियापुर नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों और थाना दिबियापुर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया। घायल आशुतोष तिवारी पुत्र स्व. राजकुमार तिवारी निवासी करमपुर की तहरीर पर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान, संयुक्त पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोलीकांड में शामिल अभियुक्त कखावतू मोड़ के पास मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले ग्राम करमपुर में आशुतोष तिवारी के साथ मारपीट हुई थी। इस मारपीट में रवि गुप्ता उर्फ टनटन घायल हो गया था। इसी रंजिश का बदला लेने की नीयत से अभियुक्तों ने 10 जनवरी को आशुतोष तिवारी का पीछा किया।

दिबियापुर नहर पुलिया के पास उसकी कार रोककर ऋषभ गौतम ने जान से मारने की नीयत से तीन फायर किए। दो गोलियां कार में लगीं, जबकि एक गोली आशुतोष तिवारी को लगी। इसके बाद अभियुक्त मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। 

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन और उपनिरीक्षक राममनोज द्विवेदी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।