अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, मामा-भांजे समेत तीन की मौत, दो गंभीर

सुमित अपने भाई को एयरपोर्ट छोड़कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।

अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, मामा-भांजे समेत तीन की मौत, दो गंभीर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। जिले के मलावन थाना क्षेत्र स्थित बावली नहर के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार औरा कार अनियंत्रित होकर पलटते हुए पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। तत्काल मलावन थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के दौरान शिवम यादव (21 वर्ष) पुत्र विनोद यादव निवासी गणेशपुर, मैनपुरी, सुमित यादव (23 वर्ष) निवासी नगला बरी थाना कुरावली, मैनपुरी तथा मनकी (19 वर्ष) पुत्री दलबीर निवासी जखुआ, मैनपुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनकी की बहन खुशबू (22 वर्ष) और राहुल यादव पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखुआ, मैनपुरी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार सभी कार सवार दिल्ली से मैनपुरी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सुमित यादव अपने भाई अमित को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने गए थे और वापस लौटते समय गांव की दो युवतियां भी साथ हो लीं, जिन्हें अपने गांव जाना था। 13 फरवरी को एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के विजयदेपुर स्थित ननिहाल में एक शादी समारोह में शामिल होने की तैयारी थी। इसी दौरान तीव्र मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और पेड़ से टकरा गई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।

मृतक के परिजन अंकुर ने बताया कि सुमित अपने भाई को एयरपोर्ट छोड़कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।