औरैया: एटीएम से छेड़छाड़ कर रुपये चुराने वाला शातिर गिरफ्तार; 27 हजार रुपये, सात एटीएम कार्ड बरामद

यूपी के औरैया जिले में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय शातिर अभियुक्त को थाना फफूंद पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।

औरैया: एटीएम से छेड़छाड़ कर रुपये चुराने वाला शातिर गिरफ्तार; 27 हजार रुपये, सात एटीएम कार्ड बरामद
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। यूपी के औरैया जिले में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय शातिर अभियुक्त को थाना फफूंद पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, सात एटीएम कार्ड तथा एटीएम से कैश ट्रैप करने में इस्तेमाल होने वाली धातु की पत्ती सहित बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने इटावा और उन्नाव सहित आसपास के जनपदों में भी इसी तरह एटीएम से रुपये निकालने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक औरैया, अपर पुलिस अधीक्षक औरैया तथा क्षेत्राधिकारी अजीतमल के पर्यवेक्षण में थाना फफूंद, एसओजी और सर्विलांस टीम को एटीएम से छेड़छाड़ कर रुपये चोरी करने वाले आरोपी की तलाश में लगाया गया था।

21 सितंबर को एटीएम में की थी छेड़छाड़

मामला फफूंद क्षेत्र में संचालित इंडिया वन एटीएम से जुड़ा है। एटीएम संचालक सिराजुद्दीन पुत्र इसरारुल निवासी मोहल्ला चमनगंज, थाना फफूंद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 21 सितंबर 2026 को एक युवक एटीएम पर पहुंचा था। उसने पहले एटीएम से 500 रुपये निकाले। इसके बाद उसने मशीन के कैश डिस्पेंस स्लॉट में एक विशेष धातु की पत्ती लगा दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की लगाई गई पत्ती के कारण ग्राहकों द्वारा निकाली जाने वाली नकदी मशीन में फंस जाती थी। ग्राहक रुपये नहीं निकलने पर एटीएम से चले जाते थे, जिसके बाद आरोपी वापस आकर पत्ती में फंसे रुपये निकाल लेता था।

इस दौरान धातु की पत्ती से एटीएम मशीन की बेल्ट सहित अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के संबंध में थाना फफूंद में मु0अ0सं0 301/2026 धारा 303(2), 318(2), 324(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को आरोपी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बढ़ुआ बंबा से करीब 100 मीटर आगे भाग्यनगर की ओर एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान आकाश कुशवाहा पुत्र बालकृष्ण कुशवाहा, निवासी इंद्रानगर बैरी सवाई, थाना शिवली, जनपद कानपुर देहात, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी को सुबह करीब 11:20 बजे गिरफ्तार किया गया।

एक साल से कर रहा था एटीएम से रुपये निकालने का काम

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मोटरसाइकिल से अलग-अलग स्थानों पर जाता था और पहले एटीएम मशीनों की रेकी करता था। इसके बाद एटीएम के कैश डिस्पेंस स्लॉट में विशेष प्रकार की धातु की पत्ती लगा देता था। ग्राहकों द्वारा रुपये निकालने पर नकदी उस पत्ती में फंस जाती थी।

ग्राहक रुपये न निकलने पर एटीएम से चले जाते थे। उनके जाने के बाद आरोपी वापस पहुंचकर पत्ती में फंसी नकदी निकाल लेता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में इटावा, उन्नाव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी इसी तरीके से रुपये निकालने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने करीब एक वर्ष से इस तरीके से रुपये निकालकर अपना खर्च चलाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन भी वह इसी उद्देश्य से फफूंद क्षेत्र में आया था।

बड़ी संख्या में उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद और सात एटीएम कार्ड बरामद किए। इसके अलावा एटीएम में छेड़छाड़ और कैश ट्रैपिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण भी मिले।

बरामद सामान में कैश ट्रैपिंग के लिए धातु की पत्ती, तीन कैंची, तीन स्क्रू ड्राइवर, दो टेस्टर पेंचकस, पांच धातु घिसने की रेतियां, दो प्लास, एक इंचीटेप, चार छोटी-बड़ी चपटी धातु की पत्तियां, एक मार्कर, दो पतली हुकनुमा धातु की रॉड, 17 चौड़ी चपटी धातु की पत्तियां, दो धातु काटने वाली पत्तियां तथा 11 फेवीक्विक के पाउच और दो इस्तेमाल किए हुए फेवीक्विक शामिल हैं।

मुकदमे में बढ़ाई गई धारा

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आकाश कुशवाहा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 143/22, धारा 41/102/411 भादवि, थाना शिवली, जनपद कानपुर देहात में मामला दर्ज बताया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में प्रभारी एसओजी/सर्विलांस टीम समित चौधरी मय टीम, थाना फफूंद के थानाध्यक्ष अजय कुमार मय हमराह तथा उपनिरीक्षक प्रेम कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, एटीएम कार्ड और एटीएम से छेड़छाड़ में प्रयुक्त सामान बरामद किया।