प्रतापगढ़ में भाजपा सरकार पर सपा का हमला, PDA और युवाओं के मुद्दे पर घेरा
यूपी के प्रतापगढ़ जिले में भाजपा सरकार पर समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। सपा का आरोप है कि भाजपा ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और किसानों की बदहाली के हवाले कर दिया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में भाजपा सरकार पर समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। सपा का आरोप है कि भाजपा ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और किसानों की बदहाली के हवाले कर दिया।
सपा ने कहा कि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और रोजगार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नौजवानों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने पूछा कि आखिर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया? सपा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार को निशाने पर लिया।
आरोप लगाया कि भाजपा संरक्षित अपराधियों और पुलिस की कथित सांठगांठ से PDA वर्ग के लोगों की हत्या, बेटियों के साथ दुष्कर्म और फर्जी मुकदमों की घटनाएं बढ़ी हैं। पार्टी ने पुलिस हिरासत में मौतों और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर जाति-धर्म देखकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
विश्वकर्मा समाज को लेकर सपा ने दावा किया कि समाज के 45 नौजवानों की हत्या और बेटियों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं हुईं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सपा ने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार में विश्वकर्मा समाज के हित में लिए गए फैसलों को भाजपा सरकार ने समाप्त किया।
सपा का दावा है कि पिछले दस वर्षों में 22 भर्ती परीक्षाओं में PDA वर्ग के 11,514 आरक्षित पदों पर आरक्षण का नुकसान हुआ और 20 परीक्षाएं लीक हुईं। पार्टी ने 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने और PDA, युवाओं, किसानों व गरीबों को न्याय दिलाने का आह्वान किया।



