हरदोई के संडीला में पुलिस मुठभेड़, लूटकांड के 4 आरोपी गिरफ्तार; नगदी व अवैध तमंचा बरामद
उप्र के हरदोई जनपद के संडीला क्षेत्र में लूट की वारदात का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने लूट की घटना में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के संडीला क्षेत्र में लूट की वारदात का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने लूट की घटना में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, कार, मोबाइल फोन और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2026 को संडीला थाना क्षेत्र के टिकरा कला गांव निवासी सर्वेश पाल ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी उमा के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदार की शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान टिकरा कला के पास एक कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और 10 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन तथा उनकी पत्नी के पायल और टॉप्स लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना संडीला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई थी।
रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल आरोपी गद्दीखेड़ा मोड़ के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से विवेक नाम का आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी शिवम, शुभम और सूरज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,100 रुपये नगद, एक डिजायर कार, एक मोबाइल फोन, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल दिवाकर मिश्रा भी घायल हो गए। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विवेक पर पहले से भी लूट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है।

Janmat News 
