अयोध्या: सावन मेले को लेकर नगर निगम अलर्ट, महापौर ने कहा- श्रद्धालुओं को नहीं होगी कोई असुविधा
उप्र की राम नगरी अयोध्या में सावन मेले को लेकर नगर निगम ने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की राम नगरी अयोध्या में सावन मेले को लेकर नगर निगम ने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि मेले को लेकर नगर निगम की टीमें लगातार सक्रिय हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार प्रमुख स्थलों पर विशेष कैंप लगाए गए हैं, जहां बरसात से बचाव समेत सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं, नगर आयुक्त और पूरी टीम लगातार शहर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। मंगलवार को टीम हनुमानगढ़ी क्षेत्र में मौजूद थी और आज भी विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया जाएगा।
हमारा प्रयास है कि अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पेयजल और मार्ग प्रकाश को लेकर किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इन सभी व्यवस्थाओं को इष्टतम स्तर तक ले जाया गया है और लगातार मेंटेन किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सावन मेला एक लंबा और बड़ा सांस्कृतिक उत्सव है, जो मुख्य रूप से शाम के समय होता है, इसलिए नगर निगम की सफाई टीमें 24/7 लगातार काम कर रही हैं।
मंदिरों के आसपास स्वच्छता की स्थिति को देखा जा सकता है। नगर निगम ने महानगरवासियों और श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुख-सुविधा में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।







