बरेली: फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र कांड में फिर बड़ा एक्शन, कुलदीप को दोबारा साथ ले गई दिल्ली पुलिस

फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने के मामले में सोमवार को दिल्ली पुलिस ने जिला अस्पताल बरेली में फिर डेरा डाल दिया। टीम  कर्मचारी कुलदीप सक्सेना को दोबारा अपने साथ ले गई

बरेली: फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र कांड में फिर बड़ा एक्शन, कुलदीप को दोबारा साथ ले गई दिल्ली पुलिस
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने के मामले में सोमवार को दिल्ली पुलिस ने जिला अस्पताल बरेली में फिर डेरा डाल दिया। टीम  कर्मचारी कुलदीप सक्सेना को दोबारा अपने साथ ले गई, वहीं दिव्यांग प्रमाणपत्र से जुड़े अधिकारियों और डॉक्टरों से भी लंबी पूछताछ की गई।

पुलिस ने दिव्यांग प्रमाणपत्र के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार से पूछताछ कर प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया और दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। इसके अलावा जिला अस्पताल के डॉक्टर एल के सक्सेना से भी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दिव्यांग प्रमाणपत्र कक्ष का गेट बंद रहा।

पुलिस यह जानने में जुटी है कि कथित फर्जी प्रमाणपत्रों के खेल में किसकी क्या भूमिका रही और प्रमाणपत्र तैयार कराने से लेकर जारी होने तक पूरी प्रक्रिया में कौन-कौन शामिल था।

इधर, पुलिस की कार्रवाई के चलते प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई फरियादियों को अगले सोमवार की तारीख देकर वापस लौटाया गया। दिल्ली पुलिस की लगातार कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल क्राइम ब्रांच ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।