शाहजहांपुर: 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटने से बड़ा हादसा; भैंस की मौत, दो पिकअप में लगी आग

उप्र के शाहजहांपुर जनपद में बिजली विभाग की 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई.

शाहजहांपुर: 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटने से बड़ा हादसा; भैंस की मौत, दो पिकअप में लगी आग
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद में बिजली विभाग की 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाईवे किनारे खड़ी दो पिकअप गाड़ियां भी बिजली के तार की चपेट में आ गईं। दोनों गाड़ियों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शाहजहांपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, आंवला सांसद नीरज मौर्य ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से बातचीत की।

पूरा मामला परशुरामपुरी-जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम विश्राम नगर के पास शाहजहांपुर स्टेट हाईवे का है। यहां गंगा एक्सप्रेसवे से संबंधित 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से हादसा हो गया।

करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो पिकअप गाड़ियों में आग लग गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

घटना की सूचना मिलते ही जलालाबाद और परशुरामपुरी क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई। बिजली विभाग के जेई जोगेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। जेई ने पीड़ित पक्ष को मुआवजा दिलाने के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही आंवला सांसद नीरज मौर्य भी मौके पर पहुंचे। सांसद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और आग की चपेट में आई गाड़ियों का जायजा लिया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और पीड़ितों को हरसंभव मदद दिलाने की बात कही।

बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद नाराज ग्रामीणों ने हाईवे से जाम हटा दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। अब पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलने और हादसे के कारणों को लेकर बिजली विभाग की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।