चन्दौली: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त अभियान, एसपी आकाश पटेल ने किया थाने का औचक निरीक्षण
उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को मुगलसराय क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को मुगलसराय क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने चंदासी मंडी क्षेत्र, मुगलसराय थाने तथा निर्माणाधीन चंदासी चौकी का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मुगलसराय थाने में हाल ही में आए नए पुलिस रिक्रूट्स से मुलाकात कर उनकी ट्रेनिंग, कार्यप्रणाली और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, बेहतर व्यवहार और जनता के साथ संवेदनशील तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
थाने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बाउंड्रीवाल और जल निकासी जैसी समस्याओं को गंभीरता से लिया। एसपी ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर जल्द आवश्यक कार्य कराया जाएगा, ताकि थाने का वातावरण बेहतर बनाया जा सके।
वहीं चंदासी मंडी के बाहर मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण उत्पन्न हो रही ट्रैफिक समस्या पर भी पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया।
उन्होंने बताया कि पिछले चार से पांच दिनों में यातायात बाधित करने वाले सैकड़ों ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 से 7 लाख रुपये तक का चालान किया गया है।
एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट कहा कि यह अभियान केवल कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगातार चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक होने पर मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन चंदासी चौकी के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

Janmat News 
