बलरामपुर पहुंचे बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, महाराष्ट्र सरकार पर बोला जमकर हमला
उप्र के बलरामपुर जनपद पहुंचे बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय ऑटो रिक्शा चालकों का उत्पीड़न किए जाने पर जोरदार विरोध किया है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद पहुंचे बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय ऑटो रिक्शा चालकों का उत्पीड़न किए जाने पर जोरदार विरोध किया है।
विश्वनाथ पाल ने कहा है कि ऐसी सरकार नहीं रहनी चाहिए, जो सरकार भाषा के आधार पर कार्य करें उस सरकार का विरोध करता हूं। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से ऑटो रिक्शा चालकों को मराठी भाषा वाले कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि तमाम लोग हमारे उत्तर प्रदेश, बिहार और देश के अलग-अलग राज्यों से महाराष्ट्र में रोज़ी-रोटी कमाने के लिए गए हैं। अगर उनके साथ वहाँ मारपीट, प्रताड़ना या किसी भी तरह का भेदभाव किया जा रहा है, उनकी गाड़ियाँ नहीं चलने दी जा रही हैं या उन्हें काम करने से रोका जा रहा है, तो यह बेहद चिंता का विषय है।
यह भारत देश है, जहाँ अलग-अलग प्रदेशों की अपनी-अपनी भाषाएँ और संस्कृतियाँ हैं। महाराष्ट्र में मराठी बोली जाती है, पंजाब में पंजाबी, तेलुगु राज्यों में तेलुगु और इसी तरह देश के हर हिस्से की अपनी अलग पहचान है लेकिन भाषा और क्षेत्रीय पहचान के नाम पर किसी भारतीय नागरिक के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए।
मैं ऐसी किसी भी सरकार या व्यवस्था का विरोध करता हूँ, जो लोगों के साथ भाषा या प्रदेश के आधार पर भेदभाव को बढ़ावा देती है।
मेरी महाराष्ट्र सरकार से मांग है कि वह ऐसे मामलों का संज्ञान ले और उत्तर प्रदेश, बिहार तथा देश के अन्य राज्यों से रोज़ी-रोटी कमाने के लिए महाराष्ट्र गए लोगों को पूरी सुरक्षा और संरक्षण दे, ताकि वे बिना डर के अपना काम कर सकें और सम्मानपूर्वक अपना जीवन चला सकें।




