बलरामपुर: शोभा हॉस्पिटल में दुर्लभ शारीरिक संरचना वाले शिशु का जन्म, बेहतर देखभाल हेतु हायर सेंटर रेफर

उप्र के जनपद बलरामपुर के ब्लॉक श्रीदत्तगंज क्षेत्र के चमरूपुर स्थित शोभा हॉस्पिटल में एक दुर्लभ शारीरिक संरचना वाले शिशु का जन्म हुआ है।

बलरामपुर: शोभा हॉस्पिटल में दुर्लभ शारीरिक संरचना वाले शिशु का जन्म, बेहतर देखभाल हेतु हायर सेंटर रेफर
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद बलरामपुर के ब्लॉक श्रीदत्तगंज क्षेत्र के चमरूपुर स्थित शोभा हॉस्पिटल में एक दुर्लभ शारीरिक संरचना वाले शिशु का जन्म हुआ है। नवजात के चार हाथ और तीन पैर बताए जा रहे हैं। इस असामान्य प्रसव की जानकारी सामने आते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

जानकारी के अनुसार वनघुसरा इमलिया गांव निवासी बिट्टा (27) पत्नी ओंकार को बुधवार की शाम करीब सात बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन शोभा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का इलाज शुरू किया गया, जिसके बाद गुरुवार सुबह करीब आठ बजे शिशु का जन्म हुआ। शिशु की शारीरिक संरचना सामान्य से अलग होने की पुष्टि होते ही आसपास के गांवों से भी लोग अस्पताल पहुंचने लगे।

अस्पताल के संचालक डॉ. अविनाश उपाध्याय ने बताया कि महिला के पहले से दो बच्चे हैं, जिनमें एक पांच वर्षीय पुत्री और एक तीन वर्षीय पुत्र शामिल है। उन्होंने बताया कि इस तरह के मामले अत्यंत दुर्लभ होते हैं, जो गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के विकास में किसी कारणवश होने वाली जन्मजात विकृति का परिणाम होते हैं।

नवजात की स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए शिशु को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल शिशु को आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित रूप से रेफर किया गया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा परिजनों को हर संभव चिकित्सकीय सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई है।