रुदौली में बनेगा प्रदेश का दूसरा पंपिंग हाउस, 8500 हेक्टेयर भूमि होगी संरक्षित: स्वतंत्र देव सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र के नैपुरा गांव में प्रदेश के दूसरे पंपिंग हाउस की आधारशिला रखी।

अयोध्या/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र के नैपुरा गांव में प्रदेश के दूसरे पंपिंग हाउस की आधारशिला रखी। 16 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पंपिंग हाउस से करीब 8500 हेक्टेयर कृषि भूमि को जलभराव से सुरक्षा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक रामचंद्र यादव, स्थानीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पंपिंग हाउस निर्माण की यह परियोजना विधायक रामचंद्र यादव के विशेष प्रयासों से संभव हो पाई है।
कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति मंत्री ने कहाकि "नैपुरा गांव के आसपास हर साल जलभराव से किसानों को काफी नुकसान होता था। इस पंप हाउस के बनने से यह समस्या समाप्त होगी और किसानों को फायदा मिलेगा। यह प्रदेश का दूसरा पंप हाउस होगा।" जल शक्ति मंत्री ने कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। “जब सपा-कांग्रेस की सरकार थी, तब लोग घर से निकल नहीं सकते थे। अब प्रदेश में शांति और सुशासन है। राज्य में एक भी यादव सांसद नहीं है, जो भी हैं, एक ही परिवार से आते हैं।”
'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और उसके बाद कुछ संगठनों द्वारा घर-घर सिंदूर वितरण पर जल शक्ति मंत्री ने कहाकि "ऐसे सामाजिक संगठन राष्ट्रहित में मोदी जी के नेतृत्व से प्रेरित होकर काम करते हैं और अपने-अपने तरीके से जनजागरूकता फैलाते हैं।"