बरेली: CM योगी ने ग्राम प्रहरी को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित, ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा
उप्र के बरेली में मंगलवार को आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रहरी प्रकाश को उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर बुलाकर सम्मानित किया।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली में मंगलवार को आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रहरी प्रकाश को उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने प्रकाश को पगड़ी पहनाई और उपहार भेंट किया।
इस सम्मान से क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बताते चलें कि बरेली की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय एक हजार रुपये बढ़ाने की घोषणा की।
साथ ही ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस तरह शहरों में सीसीटीवी कैमरे अपराधियों पर नजर रखते हैं, उसी तरह ग्राम प्रहरी गांवों में निगरानी की जिम्मेदारी निभाएं।
संदिग्ध गतिविधियों, अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। ग्राम प्रहरी प्रकाश पुत्र बहोरी, निवासी ग्राम मीरापुर, थाना शाहबाद को मुख्यमंत्री के हाथों मिला यह सम्मान उनके कार्यों के प्रति सराहना का प्रतीक है।



