जालौन: यातायात नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मियों पर भी चला चालान का डंडा, हुए 417 चालान

यातायात माह नवंबर 2026 के तहत उप्र के जालौन जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।

जालौन: यातायात नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मियों पर भी चला चालान का डंडा, हुए 417 चालान
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

उरई/जनमत न्यूज़। यातायात माह नवंबर 2026 के तहत उप्र के जालौन जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस विभाग में कार्यरत पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए कुल 67 चालान किए। इस दौरान कुल 417 चालान किए गए।

पुलिस ने बताया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारियां बैठाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज चलाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान कई पुलिसकर्मी हेलमेट पहने हुए भी पाए गए, जिन पर भी नियमानुसार चालान कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट दिया गया कि यातायात नियम सभी नागरिकों के लिए समान हैं और कानून का पालन करना पुलिसकर्मियों की भी उतनी ही जिम्मेदारी है।

पुलिस का कहना है कि जो स्वयं कानून लागू करते हैं, उन्हें अनुशासन और जिम्मेदारी का आदर्श बनकर नियमों का पालन करना चाहिए। यातायात माह के दौरान जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और सड़क सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के जरिए भी जनता को जागरूक किया जा रहा है।

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। ओवरलोडिंग, तीन सवारियां बैठाने और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल वाहन चालक और सवारी, बल्कि सड़क पर आने-जाने वाले अन्य लोग भी सुरक्षित रहते हैं।

पुलिस अधीक्षक जालौन ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य दंड लगाना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोककर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।