बलरामपुर के सादुल्लानगर में खूनी बवाल, पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या से सनसनी; गांव छावनी में तब्दील

उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना सादुल्लानगर क्षेत्र के परसरामपुर गांव में मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।

बलरामपुर के सादुल्लानगर में खूनी बवाल, पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या से सनसनी; गांव छावनी में तब्दील
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना सादुल्लानगर क्षेत्र के परसरामपुर गांव में मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।

गांव में दबंगों के हमले में पूर्व प्रधान और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव चरम पर है और गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले बच्चों के बीच हुए छोटे से विवाद ने धीरे-धीरे रंजिश का रूप ले लिया। आरोप है कि इसी रंजिश में दबंग पक्ष के लोग अचानक गांव में घुस आए और कई लोगों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष को निशाना बनाते हुए जमकर पीटा गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। हमले में कई अन्य ग्रामीणों के घायल होने की भी खबर सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और माहौल को शांत कराने की कोशिश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं भाजपा पदाधिकारी की हत्या के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है और इलाके में इस वारदात की चर्चा तेज हो गई है।