संभल में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, मस्जिद का रूप देने के लिये किया जा रहा था निर्माण
के संभल जनपद में बिना अनुमति के किए जा रहे कथित अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में बिना अनुमति के किए जा रहे कथित अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना ऐचौड़ा कंबोह क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में राजस्व प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त करा दिया।
बताया जा रहा है कि बिना किसी अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था और धीरे-धीरे उसे मस्जिद का रूप दिया जा रहा था। प्रशासन को गांव कुतुबपुर में बिना अनुमति के निर्माण कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद राजस्व प्रशासन की टीम तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।
टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण से संबंधित जानकारी जुटाई और कार्रवाई शुरू की। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान करीब 120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए गए निर्माण को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह गिरा दिया गया। प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद रहकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कराई। निर्माण को लेकर किसी प्रकार का तनाव या विरोध न हो, इसके लिए पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया था और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई थी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से बुलडोजर कार्रवाई संपन्न कराई गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद प्रशासनिक टीम ने ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया समाप्त की।
संभल तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि ग्राम कुतुबपुर सक्ता में गाटा संख्या 57 है, जो आबादी में आता है। इस गाटे पर एक छोटा सा इस्लामिक स्ट्रक्चर बनाया जा रहा था। इसी दौरान संपत्ति की आड़ में तीन लोगों ने यहां अतिरिक्त रूप से स्ट्रक्चर का निर्माण करना शुरू कर दिया।
इसकी शिकायत मिलने पर समाज कल्याण अधिकारी संभल से जानकारी ली गई। जब उन्होंने वक्फ बोर्ड से पत्राचार किया तो वक्फ बोर्ड की ओर से बताया गया कि यहां नवनिर्माण करने या नई परंपरा शुरू करने के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है।
इसी आधार पर वक्फ बोर्ड की अनुमति के बिना किए जा रहे अतिरिक्त अवैध निर्माण को आज हटाया जा रहा है। इसे मस्जिद का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा था।
प्रारंभ में यहां एक इस्लामिक स्ट्रक्चर बनाया जा रहा था, लेकिन बाद में इसे मस्जिद का स्वरूप देने का प्रयास किया गया, जिससे गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।



