संभल में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर 10 साल के मासूम की मौत, हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

उप्र के संभल जनपद में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर 10 साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है।

संभल में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर 10 साल के मासूम की मौत, हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट 

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर 10 साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है।

मासूम बच्चा साइकिल पर सवार होकर मंडी समिति की ओर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। मृत बच्चे की पहचान अधिराज कुमार (10 वर्ष) पुत्र संजय कुमार निवासी प्रगति विहार, नगर पालिका चंदौसी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त अधिराज साइकिल पर सवार होकर मंडी समिति की ओर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करने के लिए मासूम बालक ने अपनी साइकिल मोड़ दी। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई।

ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मासूम उसके पहियों के नीचे आकर कुचल गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देखकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे फंसे मासूम बच्चे को बाहर निकाला और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता बदायूं में पुलिस विभाग में तैनात हैं। मृतक मासूम अपनी मां रितु चौधरी और बड़े भाई के साथ रहता था।सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।