बलरामपुर में अतिक्रमण के खिलाफ फिर गरजा बुलडोजर, बाजार से वीर विनय चौराहा तक कार्रवाई

उप्र के बलरामपुर नगर पालिका क्षेत्र में मंगलवार शाम अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई की गई।

बलरामपुर में अतिक्रमण के खिलाफ फिर गरजा बुलडोजर, बाजार से वीर विनय चौराहा तक कार्रवाई
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर नगर पालिका क्षेत्र में मंगलवार शाम अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई की गई। आदर्श नगर पालिका परिषद की ओर से बाजार क्षेत्र से लेकर वीर विनय चौराहा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिससे अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।

नगर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क किनारे दुकानों और ठेलों के कारण यातायात बाधित हो रहा था, जिससे नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ गई थीं। इसी को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरूके नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से लोगों को काफी राहत मिली है। जिन मार्गों पर पहले चलना मुश्किल हो गया था, वहां अब सुगम आवागमन संभव हो सका है।

इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और यह मार्च माह तक चलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में जहां-जहां अतिक्रमण किया गया है, उसे हटाया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं अपने द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटा लें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा बुलडोजर के माध्यम से उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा।