हाथरस में रिश्वत की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री का विवादित बयान, बोलीं- दो-ढाई हजार रुपये करप्शन नहीं होता

उप्र के हाथरस जनपद में रिश्वतखोरी की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला को उस समय हैरानी हुई, जब कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ढाई हजार रुपये की रिश्वत को करप्शन मानने से ही इनकार कर दिया।

हाथरस में रिश्वत की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री का विवादित बयान, बोलीं- दो-ढाई हजार रुपये करप्शन नहीं होता
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट 

हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद में रिश्वतखोरी की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला को उस समय हैरानी हुई, जब कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ढाई हजार रुपये की रिश्वत को करप्शन मानने से ही इनकार कर दिया। मंत्री के इस बयान के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर भ्रष्टाचार की रकम कितनी होनी चाहिए?

दरअसल, शुक्रवार को हाथरस शहर के रमनपुर मोहल्ले में जन चौपाल का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक महिला ने मंत्री बेबी रानी मौर्य के सामने शिकायत रखी कि आवास योजना का लाभ दिलाने और कागजी कार्रवाई कराने के नाम पर नगर पालिका की एक महिला कर्मचारी ने उससे ढाई हजार रुपये वसूले थे।

महिला की शिकायत सुनने के बाद मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि दो-ढाई हजार रुपये करप्शन नहीं होता। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ जांच और कार्रवाई हो चुकी है।

गौरतलब है कि शिकायतकर्ता महिला ने नगर पालिका की कर्मचारी सोनिया सिंह का नाम लिया था। आरोप है कि आवास योजना में लाभ दिलाने के नाम पर महिला से रिश्वत मांगी गई थी। इस मामले में एंटी करप्शन टीम पहले ही सोनिया सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

वहीं जन चौपाल से पहले कैबिनेट मंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, मतदाता जोड़ो अभियान और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई।

जन चौपाल में भ्रष्टाचार की शिकायत पर मंत्री का दो-ढाई हजार रुपये को करप्शन नहीं मानने वाला बयान अब चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यही है कि जब रिश्वत लेना अपराध है, तो फिर रिश्वत की रकम छोटी या बड़ी कैसे हो सकती है?