मुजफ्फरनगर में सरकारी जमीन के कथित बैनामे का मामला, डीएम से कार्रवाई की मांग

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहबुद्दीनपुर क्षेत्र में खसरा संख्या 1455 की करीब 28 बीघा सरकारी भूमि को कथित रूप से भूमाफियाओं द्वारा बैनामा कराए जाने का मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर में सरकारी जमीन के कथित बैनामे का मामला, डीएम से कार्रवाई की मांग
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहबुद्दीनपुर क्षेत्र में खसरा संख्या 1455 की करीब 28 बीघा सरकारी भूमि को कथित रूप से भूमाफियाओं द्वारा बैनामा कराए जाने का मामला सामने आया है।

मामले को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार खसरा संख्या 1455 वर्ष 1359 फसली में 28 बीघा बंजर सरकारी भूमि के रूप में दर्ज रही है।

आरोप है कि इसके बाद राजस्व अभिलेखों में भूमि के संबंध में कोई वैध इंद्राज नहीं होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि का बैनामा कराकर सरकारी संपत्ति से धन अर्जित करने का प्रयास किया गया। शिकायत में बताया गया है कि संबंधित भूमि को लेकर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा सीलिंग की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

इसके बावजूद 14 जून 2023 को 153.28 वर्ग मीटर सरकारी भूमि का कथित रूप से बैनामा किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक इस भूमि की कीमत करीब 15.50 लाख रुपये दर्शाई गई और इसके आधार पर सरकारी भूमि पर कब्जे का प्रयास किया गया।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बैनामे में दर्ज लोगों के नाम राजस्व अभिलेखों में संबंधित भूमि के खातेदार/स्वामी के रूप में दर्ज नहीं हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि का गलत तरीके से विक्रय कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित बैनामा, राजस्व अभिलेख और रजिस्ट्री कार्यालय के दस्तावेजों की जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सरकारी भूमि पर कब्जा करने और कथित फर्जी तरीके से बैनामा कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।