चन्दौली: ट्रेन में युवक के बैग से मिले 43 लाख रुपये, हवाला कनेक्शन की जांच तेज
उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (डीडीयू) जंक्शन पर गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (डीडीयू) जंक्शन पर गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए।
बैग में इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद युवक से पूछताछ की गई। रकम के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जीआरपी ने इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने नकदी को सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह के अनुसार, सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस पटना से नई दिल्ली जा रही थी। रात में ट्रेन की रूटीन चेकिंग के दौरान जनरल कोच में एक युवक संदिग्ध नजर आया।
पूछताछ करने पर उसने अपने पिट्ठू बैग में रुपये होने की जानकारी दी। तलाशी लेने पर बैग से कुल 43 लाख रुपये बरामद हुए। युवक से इतनी बड़ी रकम को लेकर कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में युवक की पहचान आलोक शाह, निवासी गायघाट, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई। सीओ के मुताबिक युवक ने पूछताछ में बताया कि वह रकम को पटना से नई दिल्ली लेकर जा रहा था और यह पैसा हवाला से जुड़ा है। हालांकि रकम के वास्तविक स्रोत और इसे किसे सौंपा जाना था, इसकी जांच की जा रही है।
10 लाख रुपये पहुंचाने पर 10 हजार कमीशन का दावा
पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर नकदी पहुंचाने के बदले कमीशन मिलने की बात बताई। करीब 10 लाख रुपये पहुंचाने पर 10 हजार रुपये कमीशन मिलने की जानकारी सामने आई है। इससे जांच एजेंसियों को आशंका है कि युवक किसी बड़े नेटवर्क के लिए नकदी पहुंचाने का काम कर रहा था।
मोबाइल और संपर्कों की जांच
43 लाख रुपये की बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। युवक के मोबाइल फोन, संपर्कों और रकम से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि नकदी किसकी है, इसे पटना से दिल्ली किसे पहुंचाया जाना था और युवक इससे पहले भी इस तरह की रकम पहुंचा चुका है या नहीं। इनकम टैक्स विभाग द्वारा रकम सीज किए जाने के बाद अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।



