कलेक्ट्रेट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, गैस किल्लत और स्मार्ट मीटर के विरोध में सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर / जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेसियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अपना आक्रोश जताया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान गैस की किल्लत और स्मार्ट मीटर के विरोध का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और बिजली व्यवस्था भी आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर के कारण बिजली बिल अधिक आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान स्थानीय समस्याओं को भी जोर-शोर से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने अतिक्रमण और जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इन कारणों से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में जलभराव से स्थिति और भी खराब हो जाती है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


