बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल तबाह, खेत में रोता दिखा किसान

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल तबाह, खेत में रोता दिखा किसान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जिले में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तेज बारिश और ओलों की मार से गेहूं की तैयार खड़ी फसल बर्बाद हो गई, जिससे किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

माधौगंज विकास खंड क्षेत्र के हसनपुर, ज्योली, जेहदीपुर, तपनौर, जूरापुरवा और तुलसीपुरवा सहित कई गांवों में कुदरत का कहर देखने को मिला। ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह गिरकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

इसी बीच एक किसान का खेत में रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किसान अपनी बर्बाद फसल को देखकर भावुक होकर रोता नजर आ रहा है, जिसे देखकर लोगों में भी सहानुभूति देखने को मिल रही है।

किसानों का कहना है कि पूरी मेहनत और लागत लगाने के बाद जब फसल तैयार हुई तो बेमौसम बारिश और ओलों ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।