सहारनपुर पहुंचे DG GRP, सहारनपुर-मुजफ्फरनगर को प्रदान किया ISO सर्टिफिकेट; मोबाइल चोरी-पथराव पर सख्ती
उप्र के सहारनपुर जनपद में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के पुलिस महानिदेशक (DG) प्रकाश डी दो दिवसीय सहारनपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सहारनपुर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने का निरीक्षण किया।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के पुलिस महानिदेशक (DG) प्रकाश डी दो दिवसीय सहारनपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सहारनपुर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने का निरीक्षण किया।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने पर सहारनपुर जीआरपी थाने को ISO सर्टिफिकेट प्रदान किया। साथ ही मुजफ्फरनगर जीआरपी थाने को भी ISO प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जीआरपी डीजी प्रकाश डी ने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जीआरपी थाने अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले आजमगढ़ समेत दो जीआरपी थानों को ISO प्रमाण पत्र मिल चुका है।
अब सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश जीआरपी के कुल चार पुलिस स्टेशन ISO प्रमाणित हो गए हैं।डीजी प्रकाश डी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है।
जीआरपी, आरपीएफ, रेलवे और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर यात्रियों की सुरक्षा के लिए संयुक्त कार्ययोजना पर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे में यात्रियों के मोबाइल फोन और सामान की चोरी, यात्रियों को खाने-पीने की चीजें देकर बेहोश कर सामान चोरी करने जैसी घटनाओं को रोकना प्रमुख चुनौती है।
इसके अलावा ट्रेनों पर पथराव और रेलवे ट्रैक पर लकड़ी, पत्थर या लोहे की वस्तु रखकर ट्रेनों के संचालन में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रकाश डी ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी जीआरपी थाना या चौकी को सूचना दें।
रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे छुएं नहीं और तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी दें।उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे भीड़ में अपने माता-पिता से अलग हो जाते हैं। ऐसे मामलों में जीआरपी और आरपीएफ मिलकर बच्चों को उनके परिवार से मिलाने का काम कर रही हैं।
डीजी ने यात्रियों को रेलवे से संबंधित समस्याओं के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 और यूपी पुलिस की सहायता के लिए 112 का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्री अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाने में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें।
प्रकाश डी ने प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 45 दिनों तक चले महाकुंभ में लगभग साढ़े पांच करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया और भीड़ प्रबंधन की चुनौती के बावजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने का काम किया गया।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए फेस्टिवल कैलेंडर और एग्जामिनेशन कैलेंडर तैयार किए गए हैं। त्योहारों और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी और अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाती है।
डीजी प्रकाश डी ने बताया कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में प्रयोग किया गया होल्डिंग एरिया काफी सफल रहा। इसी व्यवस्था को अब देश के 76 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को स्टेशन पर अचानक भीड़ में पहुंचने के बजाय पहले होल्डिंग एरिया में रखा जाएगा और ट्रेन आने से करीब आधे घंटे पहले उन्हें प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग गंतव्यों के अनुसार कलर कोडिंग जैसी व्यवस्था भी अपनाई जा रही है, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
जीआरपी डीजी प्रकाश डी ने सहारनपुरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी, आरपीएफ, रेलवे और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार मिलकर काम कर रही हैं।



