कानपुर देहात में DIG का बड़ा एक्शन प्लान, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा; थानेदारों को सख्त निर्देश
उप्र के कानपुर देहात जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया।
एसपी कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं का जायजा लेने के साथ डीआईजी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद कानपुर देहात पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के कामकाज और व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद डीआईजी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आम जनता की शिकायतों के निस्तारण को लेकर विशेष जोर दिया गया।
डीआईजी ने निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लोगों के साथ हुई आपराधिक घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई के लिए जरूरत के अनुसार टीम गठित कर जांच और कार्रवाई को तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी यमुना प्रसाद ने गुंडा और माफिया तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रहना चाहिए। शासन और सरकार की मंशा के अनुरूप जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की कार्रवाई प्रभावी और निष्पक्ष रखने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान फॉरेंसिक टीम की ओर से डेमो भी प्रस्तुत किया गया। फॉरेंसिक तकनीक के जरिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और वैज्ञानिक तरीके से जांच को मजबूत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इसके अलावा डीआईजी ने व्यापारी बंधुओं के साथ भी बैठक की। व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



