बाबा साहब अंबेडकर पर अभद्र टिप्पणी को लेकर दलित समाज में आक्रोश, आरोपी युवक गिरफ्तार
आक्रोशित दलित समाज के लोगों ने आरोपी युवक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी।
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। थाना टप्पल क्षेत्र के गांव ऊटासैनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ गया है। स्वर्ण समाज के युवक महेश उर्फ टेनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बाबा साहब के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होते ही दलित समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित दलित समाज के लोगों ने आरोपी युवक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी। इस संबंध में आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अजय राणा और दलित समाज के एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने महेश उर्फ टेनी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो को साक्ष्य मानते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विधि के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Janmat News 
