रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, फायरिंग में तीन घायल, गांव में मचा हड़कंप

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, फायरिंग में तीन घायल, गांव में मचा हड़कंप
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली / जनमत न्यूज। जनपद रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित कल्लू का पुरवा गांव में पुराने रास्ते के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि गांव में रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना में रामचंद्र, प्रमोद और मनोज गोली लगने से घायल हो गए, जबकि शिव प्रकाश मारपीट में घायल बताया जा रहा है। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

सीएचसी लालगंज के चिकित्सक सत्यजीत ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।