टीम इंडिया में हावी गुजरात लॉबी? वनडे में 4 और टेस्ट में हैं GT के सात खिलाड़ी; सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
आईपीएल 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। लीग अपने अंतिम दौर में है। हालांकि, इस लीग से ज्यादा चर्चा फिलहाल मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए चुनी गई भारत की वनडे और टेस्ट टीम की हो रही है।
मुंबई/जनमत न्यूज़। आईपीएल 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। लीग अपने अंतिम दौर में है। हालांकि, इस लीग से ज्यादा चर्चा फिलहाल मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए चुनी गई भारत की वनडे और टेस्ट टीम की हो रही है। दोनों टीमों में गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
भारत को अफगानिस्तान से खेलना है
दरअसल, भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ जून में एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। एकमात्र टेस्ट विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा और यह मुकाबला छह जून से खेला जाएगा। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून से होगी। फिर 17 और 20 जून को दो और वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
गुजरात टाइटंस से सबसे ज्यादा खिलाड़ी
भारत की वनडे टीम में गुजरात टाइटंस से जुड़े चार खिलाड़ियों को जगह मिली है, जबकि टेस्ट स्क्वॉड में ऐसे खिलाड़ियों की संख्या सात तक पहुंच गई।
इसके बाद कई फैंस और क्रिकेट पेजों ने इसे 'नई गुजरात टाइटंस लॉबी' कहना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर तुलना सीधे पुरानी 'मुंबई लॉबी या 'दिल्ली लॉबी' से की जा रही है, जिसकी चर्चा भारतीय क्रिकेट में वर्षों से होती रही है।
वनडे और टेस्ट टीम में जीटी से सबसे ज्यादा
अफगानिस्तान के खिलाफ चुनी गई वनडे टीम में गुजरात टाइटंस से कप्तान शुभमन गिल के अलावा वॉशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
वहीं टेस्ट टीम में कप्तान शुभमन गिल के अलावा साई सुदर्शन, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार और गुरनूर बराड़ को मौका मिला है और ये सभी गुजरात टाइटंस की टीम में शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आई
टीम के एलान के बाद सोशल मीडिया पर गुजरात टाइटंस लॉबी को लेकर चर्चा शुरू हो गई। कुछ यूजर्स का मानना है कि चयन पूरी तरह प्रदर्शन और फॉर्म के आधार पर हुआ है।
फैंस का कहना है कि जीटी के कई खिलाड़ियों ने पिछले दो सीजन में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल दोनों में शानदार प्रदर्शन किया है।
खासकर शुभमन गिल, साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा लगातार भारतीय टीम के प्लान का हिस्सा रहे हैं। फैंस का कहना है कि अगर खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं तो किसी फ्रेंचाइजी से जुड़े होने पर सवाल नहीं उठने चाहिए।
वहीं, कुछ यूजर्स ने मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी। कई यूजर्स ने लिखा कि 'मुंबई लॉबी खत्म, अब गुजरात लॉबी शुरू।'
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अफगानिस्तान सीरीज में ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से चयन को सही साबित कर पाते हैं या नहीं।

Janmat News 
