प्रतापगढ़ में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर, चिलबिला हनुमान मंदिर परिसर में बन रही भव्य प्रतिमाएं

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर के चिलबिला हनुमान मंदिर परिसर में कलकत्ता (बंगाल) से आए कलाकार मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

प्रतापगढ़ में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर, चिलबिला हनुमान मंदिर परिसर में बन रही भव्य प्रतिमाएं
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर के चिलबिला हनुमान मंदिर परिसर में कलकत्ता (बंगाल) से आए कलाकार मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

यहां अलग-अलग आकार और डिजाइन की दुर्गा प्रतिमाओं का निर्माण तेजी से चल रहा है। कारीगरों के अनुसार, दुर्गा पूजा से करीब साढ़े चार महीने पहले ही प्रतिमा निर्माण का काम शुरू कर दिया जाता है। इस वर्ष यहां 5 फीट से लेकर 13 फीट तक ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं।

प्रतिमा निर्माण के लिए बंगाल से आए 9 कुशल कलाकार लगातार काम कर रहे हैं। कारीगरों ने बताया कि प्रतिमाओं को तैयार करने में विशेष रूप से गंगा जी की काली मिट्टी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने के लिए रंग-रोगन और सजावट का काम किया जाता है।

कारीगरों के मुताबिक, प्रतिमाओं की कीमत 13 हजार रुपये से शुरू होकर करीब एक लाख रुपये तक है। प्रतिमा की कीमत उसके आकार, डिजाइन और सजावट के आधार पर तय की जाती है। दुर्गा पूजा नजदीक आने के साथ ही प्रतिमा निर्माण का काम और तेज होने की उम्मीद है।