नवरात्रि पर हरदोई शहर को रोशन रखने की कवायद, डीएम राहुल पांडेय ने किया स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण
उप्र के हरदोई जनपद में शारदीय नवरात्रि के त्योहार पर हरदोई शहर में रोशनी और रौनक बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में शारदीय नवरात्रि के त्योहार पर शहर में रोशनी और रौनक बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर विद्युत पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सिनेमा चौराहा, लखनऊ चुंगी, मंडी गेट, जिंदपीर चौराहा और जिला अस्पताल गेट सहित प्रमुख स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था देखी। उनके साथ सिटी मजिस्ट्रेट संजय सिंह और नगर पालिका के अधिकारी रामेंद्र सिंह यादव भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उन स्थानों की स्थिति देखी, जहां स्ट्रीट लाइटें बंद हैं या रोशनी की व्यवस्था में कमियां हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश और अतिवृष्टि के कारण शहर में विद्युत पोलों को नुकसान पहुंचा था। इसके चलते स्ट्रीट लाइटें भी प्रभावित हुई थीं।
ऐसे में जरूरी है कि कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि त्योहार के दौरान शहरवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सके।डीएम राहुल पांडेय ने जनपदवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रयास है कि त्योहार के दौरान शहर में रौनक और रोशनी बनी रहे।
इसी उद्देश्य से निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी कमियां मिल रही हैं, उन्हें ठीक कराया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रहे, जिससे नवरात्रि के दौरान लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।



