फतेहपुर: गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, 6 युवक डूबे; 4 की मौत 2 बचाए गए

उप्र के फतेहपुर जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ललौली थाना क्षेत्र के कुनुवा का डेरा स्थित रिंद नदी में नहाने गए 6 युवक अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

फतेहपुर: गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, 6 युवक डूबे; 4 की मौत 2 बचाए गए
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ललौली थाना क्षेत्र के कुनुवा का डेरा स्थित रिंद नदी में नहाने गए 6 युवक अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

देखते ही देखते सभी युवक डूबने लगे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर यूपी-112 और ललौली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद सभी 6 युवकों को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक 18 से 20 वर्ष आयु के थे और नदी में नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।

मृतकों की पहचान तपनी गांव निवासी हसीब, साहिल, अंश और शान के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और मुआवजे से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

घटना को लेकर एडिशनल एसपी फतेहपुर ज्ञान प्रकाश रॉय ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे यूपी डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि रिंद नदी में नहाते समय तेज बहाव में 6 युवक डूब गए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। सभी युवकों को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जिनमें दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि चार युवकों की मौत हो गई। प्रशासन द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।