महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में टला बाढ़ का खतरा, घटा नारायणी नदी का जलस्तर
नेपाल में हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद उप्र के महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा फिलहाल कम हुआ है। नारायणी नदी का जलस्तर अब घटने लगा है, जिससे सीमावर्ती इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
महराजगंज से नवीन मिश्रा की रिपोर्ट
महराजगंज/जनमत न्यूज़। नेपाल में हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद उप्र के महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा फिलहाल कम हुआ है। नारायणी नदी का जलस्तर अब घटने लगा है, जिससे सीमावर्ती इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। वाल्मीकिनगर बैराज के सभी गेट खुले रखे गए हैं, जबकि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण नारायणी नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद निचलौल क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि अब जलस्तर में कमी आने से तत्काल खतरा कम हुआ है।
प्रशासन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।




