हरदोई में शोभायात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी,15 घायल; 6 गंभीर

हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली उन्नाव-कटरा मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई।

हरदोई में शोभायात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी,15 घायल; 6 गंभीर
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली उन्नाव-कटरा मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए, जबकि 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार रामपुर मजरा बरनई-चतरखा गांव में ग्रामीणों के सहयोग से बनाए गए शिव मंदिर में सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में शामिल होने गांव से बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली से शोभायात्रा में गए थे।

वापस लौटते समय इकनौरा गांव स्थित एचपी गैस एजेंसी के पास ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में प्रियांशी, प्रियंका, नैंसी, रामप्यारी, योगेश, सुदामा, गौरव, मुस्कान, संध्या, शिवानी, वर्षा, प्रेमवती, ओमवती, रामदेवी और कामिनी घायल हो गए।

पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद प्रियांशी, रामप्यारी, सुदामा, गौरव, वर्षा और प्रेमवती की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।

सीओ हरपालपुर सत्येंद्र कुमार सिंह बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।