दीपोत्सव पर मथुरा में नर्सेज संवर्ग ने मनाया काला दिवस, शासनादेश न आने से रोष
उप्र के मथुरा जनपद में आज राजकीय नर्सेस संघ, उप्र के आवाहन पर जिला महिला चिकित्सालय में जनपद के समस्त नर्सिंग संवर्ग द्वारा काला दिवस मनाया गया।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद में आज राजकीय नर्सेस संघ, उप्र के आवाहन पर जिला महिला चिकित्सालय में जनपद के समस्त नर्सिंग संवर्ग द्वारा काला दिवस मनाया गया।
इस काला दिवस में जिला चिकित्सालय (पुरुष), जिला महिला चिकित्सालय, जिला संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन एवं जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (CHC) में कार्यरत समस्त नर्सिंग अधिकारी / नर्सिंग कर्मचारी सम्मिलित रहे। सभी ने काली पट्टी बांधकर एवं काले कपड़े पहनकर विरोध दर्ज कराया।
क्या है मामला
संघ की 13 सूत्रीय औचित्यपूर्ण मांगों के सापेक्ष शासन स्तर पर *मुख्य 05 मांगों पर सहमति प्रदान की गई थी बो इस प्रकार है
संघ की 5-प्रमुख मांगों में शामिल हैं।
1. नर्सिंग संवर्ग को गृह जनपद में तैनाती एवं स्थानांतरण की सुविधा।
2. निदेशालय से चिकित्सालय स्तर तक नर्सिंग संवर्ग के उच्च पदों पर पदोन्नति।
3. चिकित्सालयों में नर्सिंग संवर्ग के लिए पालनाघर (क्रेच) की व्यवस्था।
4. उच्च शिक्षा MSc नर्सिंग,PHd इन नर्सिंग के लिए सवैतनिक अध्ययन अवकाश की सुविधा।
5. उच्चीकृत जिला चिकित्सालयों को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किए जाने पर कार्यरत नर्सिंग संवर्ग के हितों का संरक्षण एवं उचित तैनाती।
परन्तु लगभग 09 माह का समय व्यतीत हो जाने के बाद भी आज तक शासनादेश निर्गत नहीं किया गया है।* जिसके कारण प्रदेश की नर्सिंग संवर्ग में गहरा रोष व्याप्त है।
इसी रोष के चलते प्रदेश में दिनांक 21 अक्टूबर से 02 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। 22 अक्टूबर को स्वास्थ्य भवन, लखनऊ का घेराव करने पर पदोन्नति एवं नर्सिंग संवर्ग को गृह जनपद दिये जाने के सम्बन्ध में तत्काल कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था, परन्तु आज तक केवल आश्वासन ही मिला है।
मथुरा इकाई ने कहा धनतेरस, दीपोत्सव, भाई-दूज जैसे महत्वपूर्ण पर्व हर्ष उल्लास के साथ मनाये जाने हेतु प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है, लेकिन यदि प्रदेश की नर्सिंग संवर्ग की खुशियां सम्मिलित न हों तो पर्व की महत्ता क्या रहेगी है। जिस अयोध्या में लाखों दीपक जलाये जायेंगे, उसी दिन हम नर्सेज को काला दिवस मनाने पर बाध्य होना पड़ रहा है।"
मथुरा जनपद की नर्सेज ने आज शासन द्वारा स्वीकृत 05 मांगों की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया तथा चेतावनी दी कि यदि शीघ्र शासनादेश निर्गत नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही *02 घंटे का कार्य बहिष्कार निरन्तर जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय, वृंदावन एवं समस्त ब्लाकों की जिला कार्यकारणी के साथ नर्सिंग स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील श्रीवास्तव हेमलता शर्मा जिला मंत्री ने की राजेश शर्मा गौरव शर्मा हितेश शर्मा नरेश राजपूत आरती मीसा सिंह राजबाला मधु राजकुमारी मान्य एवं समस्त जिला की नर्सिंग अधिकारी मौजूद रही.



