भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए गोरखपुर नगर निगम का अभियान, सड़कों पर कराया जा रहा पानी का छिड़काव
नगर निगम के इस प्रयास को आमजन द्वारा सराहा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
गोरखपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट —
गोरखपुर/जनमत न्यूज। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए Gorakhpur Municipal Corporation द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग गर्मी से बचने के लिए गमछा, तौलिया और अन्य उपायों का सहारा ले रहे हैं, वहीं ठंडक बनाए रखने के लिए लस्सी, बेल का जूस, तरबूज और अन्य पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं।
नगर निगम की ओर से दोपहर के समय प्रमुख सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे सड़क का तापमान कम हो सके और राहगीरों को कुछ राहत मिल सके। छिड़काव के दौरान गुजरने वाले वाहन चालक भी राहत महसूस कर रहे हैं।
अपर नगर आयुक्त Pramod Kumar ने बताया कि नगर निगम द्वारा लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों के साथ-साथ डिवाइडरों पर भी पानी डाला जा रहा है, ताकि आसपास का वातावरण ठंडा बना रहे और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सके।
नगर निगम के इस प्रयास को आमजन द्वारा सराहा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Janmat News 
