हाथरस में “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस के अंतर्गत शुक्रवार को डी.आर.बी. इंटर कॉलेज मैदान से हाथरस जंक्शन कोतवाली से होते हुए ओवरब्रिज तक “Run for Unity” पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया।
लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर छात्रों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने दिखाई एकता की मिसाल
हाथरस/जनमत न्यूज़। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अंतर्गत शुक्रवार को डी.आर.बी. इंटर कॉलेज मैदान से हाथरस जंक्शन कोतवाली से होते हुए ओवरब्रिज तक “Run for Unity” पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों, सामाजिक संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी द्वारा ध्वज फहराकर किया गया। इसके बाद पदयात्रा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के नारों के साथ आरंभ हुई, जिसने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
जिलाधिकारी हाथरस अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “Run for Unity केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, सामूहिकता और सामाजिक सद्भाव की भावना का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि जब हम ‘मैं’ और ‘मेरा परिवार’ से आगे बढ़कर राष्ट्रहित में कार्य करते हैं, तभी देश की एकता और अखंडता सशक्त होती है।
कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदरा राऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा और जिलाध्यक्ष भाजपा शरद माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Janmat News 
