हरदोई: एमबीबीएस छात्रों समेत 102 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, आबकारी मंत्री के जन्मदिन पर लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
उप्र के हरदोई जनपद में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर गांधी भवन परिसर में रक्तदान और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर गांधी भवन परिसर में रक्तदान और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों सहित कुल 102 लोगों ने रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।
शिविर में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों मरीजों को मुफ्त डॉक्टरी परामर्श, दवाएं और पैथोलॉजी जांच की सुविधा मिली। गहलोत नर्सिंग होम की ओर से आयोजित इस शिविर में युवाओं और महिला चिकित्सकों का विशेष उत्साह देखा गया।
एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा अमिता प्रसाद ने पहली बार रक्तदान कर खुशी जताई और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने व रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, चौथे वर्ष की छात्रा पूजा वर्मा ने कहा कि पुरुषों के साथ महिलाओं को भी रक्तदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
इस बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य शिविर में 10 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र गहलोत, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सरला गहलोत, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित राय, जनरल सर्जन डॉ. दिलीप वर्मा,
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्तुति सिंह, नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ डॉ. किशन कुमार, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. अंशुल ओमर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित किशोर, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता कुशवाहा और डॉ. ब्रह्म प्रकाश शामिल थे।
आयोजक डॉ. सुरेंद्र गहलोत और डॉ. सरला गहलोत ने संयुक्त रूप से बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक के माध्यम से समय पर रक्त उपलब्ध कराना है, ताकि किसी की जान बचाई जा सके।
शिविर में दूर-दराज से आए सैकड़ों मरीजों की डॉक्टरों ने नि:शुल्क जांच की और उन्हें मुफ्त दवाएं व पैथोलॉजी जांच की सुविधा प्रदान की।




