मुजफ्फरनगर: फोर्टीज नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, रजिस्टर्ड डॉक्टर नहीं मिलने पर FIR की तैयारी

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार छापेमारी एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है।

मुजफ्फरनगर: फोर्टीज नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, रजिस्टर्ड डॉक्टर नहीं मिलने पर FIR की तैयारी
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार छापेमारी एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के आदेश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया के नेतृत्व में एसीएमओ डॉ. विपिन कुमार द्वारा फोर्टीज हॉस्पिटल पर छापेमारी की कार्रवाई की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में कोई रजिस्टर्ड डॉक्टर नहीं मिलने की बात सामने आई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच शुरू की।

विभागीय कार्रवाई के क्रम में अब फोर्टीज हॉस्पिटल के खिलाफ FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों द्वारा अस्पताल के संबंध में उपलब्ध दस्तावेजों और मौके पर मिली स्थिति को जांच के दायरे में लिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में बिना आवश्यक मानकों एवं पंजीकृत चिकित्सकों के संचालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग की लगातार हो रही छापेमारी से निजी अस्पताल में हड़कंप मचा है।