अयोध्या धाम में सफाई कर्मचारी संघ का पुनर्गठन, अनिल समुद्रे बने नगर अध्यक्ष

उप्र के ​​अयोध्या धाम में सफाई कर्मचारी संघ की विशेष बैठक एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान संघ के चुनाव एवं पुनर्गठन की प्रक्रिया सर्वसम्मति से संपन्न हुई।

अयोध्या धाम में सफाई कर्मचारी संघ का पुनर्गठन, अनिल समुद्रे बने नगर अध्यक्ष
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के ​अयोध्या धाम में सफाई कर्मचारी संघ की विशेष बैठक एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान संघ के चुनाव एवं पुनर्गठन की प्रक्रिया सर्वसम्मति से संपन्न हुई।

इसमें अनिल समुद्रे को अयोध्या धाम का नया नगर अध्यक्ष चुना गया, जबकि घनश्याम दास पहलवान को संघ का संरक्षक बनाया गया। पुनर्गठन के दौरान श्याम जी, पप्पू और पवन समेत कई अन्य सदस्यों को भी संगठन की विभिन्न कमेटियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

नवनियुक्त नगर अध्यक्ष अनिल समुद्रे ने कहा कि संघ का प्रत्येक सदस्य पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ सफाई कर्मचारियों के हित और कल्याण के लिए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित बढ़े हुए वेतन का लाभ सभी पात्र कर्मचारियों को दिलाने के लिए संघ मजबूती से प्रयास करेगा। कर्मचारियों की समस्याओं को शासन के नियमों के तहत प्राथमिकता के साथ संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, संघ के संरक्षक घनश्याम दास पहलवान ने कहा कि एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कर्मचारियों को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती और कर्मचारियों के हित में एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर सहयोग करेगा।

बैठक में संघ की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि कर्मचारियों की सेवा और समस्याओं के निस्तारण के नाम पर किसी भी प्रकार का शुल्क अथवा चंदा नहीं लिया जाएगा। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उनके हित में पारदर्शी और जिम्मेदार तरीके से कार्य करना है।