सहारनपुर में बिजली उपकरण चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार; तांबा बेचकर करते थे कमाई

उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना गागलहेड़ी पुलिस ने सरकारी विद्युत लाइन और ट्यूबवेलों से बिजली के तार व उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सहारनपुर में बिजली उपकरण चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार; तांबा बेचकर करते थे कमाई
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना गागलहेड़ी पुलिस ने सरकारी विद्युत लाइन और ट्यूबवेलों से बिजली के तार व उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किया गया विद्युत उपकरण और तांबे का सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को गागलहेड़ी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में सरकारी एलटी लाइन के तार काटने तथा ट्यूबवेलों से समरसेबल केबल, कटआउट, स्टार्टर, तांबे की पत्ती और तार चोरी होने की शिकायतें मिली थीं। इन मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आज पशु पैठ के पास स्थित आम के बाग से चार आरोपियों अमित कुमार उर्फ बुद्ध, मनोज उर्फ मोनू, विजय कुमार और इरशाद उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिन के समय खेतों और ट्यूबवेलों की रेकी करते थे। रात होने पर बेल्ट की मदद से बिजली के खंभों पर चढ़कर तार काटते थे और ट्यूबवेलों को तोड़कर उनमें लगे तांबे के तार व विद्युत उपकरण निकाल लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि चोरी का मुख्य उद्देश्य तांबे के तार और विद्युत उपकरणों को बेचकर पैसे कमाना था।

आरोपी पूर्व में चोरी किए गए माल को बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में कई धाराओं की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।