हरदोई: तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, बाइक सवार तीन की मौत; दो घायल
उप्र के हरदोई जनपद के सवायजपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर बरातियों से भरी तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के सवायजपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर बरातियों से भरी तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक पर सवार लोग सड़क पर उछलकर बिखर गए।
मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार में सवार सभी फरार हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत हरदोई मेडिकल कालेज अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस के मुताबिक मृतक गोविंद पुत्र सुरेंद्र (20 वर्ष) निवासी ग्राम बमरौली थाना काँठ, दीपक पुत्र संतराम (लगभग 18 वर्ष) और लंकुश पुत्र परमेश्वरी (40 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम बंतला थाना सवायजपुर थे। दीपक दोपहर को गेहूं की फसल काटने के लिए दराती लेने गया था और बाइक से अपने बहनोई गोविंद और लंकुश व एक बच्चे के साथ घर लौट रहा था।
खितौली गांव के पास सामने से आई तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दीपक, उनके बहनोई गोविंद और लंकुश की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार बच्चा और कार में सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों की तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह थी। पुलिस ने तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार कार सवारों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं।

Janmat News 
