अयोध्या में “रन फॉर एम्पावरमेंट” का आयोजन, छात्राओं ने दौड़ के माध्यम से दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना,

अयोध्या में “रन फॉर एम्पावरमेंट” का आयोजन, छात्राओं ने दौड़ के माध्यम से दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —

अयोध्या/जनमत न्यूज। महिला सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अयोध्या पुलिस द्वारा पुलिस लाइन ग्राउंड में “रन फॉर एम्पावरमेंट” (नारी शक्ति दौड़) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

दौड़ में शामिल छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया और महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे बालिकाओं और महिलाओं में जागरूकता बढ़े और वे आत्मनिर्भर बन सकें।

इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। कार्यक्रम के दौरान “सशक्त नारी, सशक्त भारत” का नारा पूरे परिसर में गूंजता रहा।

आयोजन में पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, छात्राओं तथा स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।