हरदोई: बेटी के इलाज की आस में मनौना धाम जा रहे परिवार की गाड़ी पलटी, चालक की मौत

बेटी के इलाज की उम्मीद में तेलंगाना से मनौना धाम जा रहे परिवार की एर्टिगा कार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर हरदोई जनपद के आलापुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हरदोई: बेटी के इलाज की आस में मनौना धाम जा रहे परिवार की गाड़ी पलटी, चालक की मौत
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। बेटी के इलाज की उम्मीद में तेलंगाना से मनौना धाम जा रहे परिवार की एर्टिगा कार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर हरदोई जनपद के आलापुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में चालक संपत (40) की मौत हो गई, जबकि नागराजू (42), उनकी पत्नी स्वर्णलता, बेटी श्रीदेवी (19), मां अनंत लक्ष्मी (62), साला संतोष (35) और भाई मधु (30) घायल हो गए। तीनों महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

तेलंगाना के जनगांव जिले के गनपुर थाना क्षेत्र निवासी नागराजू परिवार के साथ एर्टिगा कार संख्या TS 27F 7903 से प्रयागराज से बरेली की ओर जा रहे थे। रविवार रात तेलंगाना से निकले परिवार को बेटी श्रीदेवी के इलाज की चिंता थी। वह लंबे समय से बीमार चल रही है और कई जगह उपचार कराने के बाद भी आराम नहीं मिला।

किसी ने परिवार को मनौना धाम के बारे में बताया था। बेटी के ठीक होने की आस में परिवार मनौना धाम जा रहा था, लेकिन बिलग्राम क्षेत्र में पिलर नंबर 323 के पास कार पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में चालक को नींद की झपकी आने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।

हादसे की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी बिलग्राम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी छह घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

इनमें स्वर्णलता, श्रीदेवी और अनंत लक्ष्मी की हालत गंभीर है। पुलिस ने चालक संपत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।