हरदोई: प्रताड़ना से शिक्षिका शाहीन बानो की मौत पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, सड़क से सदन तक लड़ेगी लड़ाई

उप्र के हरदोई के सण्डीला विकास खहड़ की टिमरुख प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज शिक्षिका शाहीन बानो की मृत्यु के मामले में अब प्रदेश की सियासत गरमा गई है। हरदोई में प्रताड़ना से शिक्षिका शाहीन बानो की मौत

हरदोई: प्रताड़ना से शिक्षिका शाहीन बानो की मौत पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, सड़क से सदन तक लड़ेगी लड़ाई
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई के सण्डीला विकास खहड़ की टिमरुख प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज शिक्षिका शाहीन बानो की मृत्यु के मामले में अब प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शिक्षिका की मौत पर गहरा दुःख जताते हुए इसे सामान्य मौत नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या करार दिया है। उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेदार खंड शिक्षा अधिकारी पर तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की है।

कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षिका शाहीन बानो के अवकाश पर होने के बावजूद खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उन्हें फोन कर सुनियोजित तरीके से मानसिक रूप से अत्यंत प्रताड़ित किया गया।

इस अवांछित दबाव और खौफ के कारण वह गंभीर तनाव में आ गईं और जीवन-मृत्यु के संघर्ष के बीच आखिरकार इस भ्रष्ट सिस्टम के आगे जिंदगी की जंग हार गईं।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षिका शाहीन बानो को विभागीय स्तर पर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसे वह अब तक चुपचाप बर्दाश्त करती रहीं लेकिन जब प्रताड़ना की इंतहा हो गई और छुट्टी के दिन भी उन्हें फोन कर डराया व धमकाया गया, तो इस मानसिक आघात को वह संभाल नहीं पाईं।

इसी दबाव के चलते उनकी जान चली। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराते हुए अंशू अवस्थी ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित शिक्षिका के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने साफ लफ्जों में कहा शिक्षिका को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी जब तक आरोपी अधिकारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल की सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा और हम चुप नहीं बैठेंगे।

इस घटना के बाद से स्थानीय शिक्षकों और जनमानस में भी भारी आक्रोश व्याप्त है। दरअसल सोमवार को स्कूल में गैस पाइप लाइन में आग से दो रसोइया झुलसी थी जिसके बाद बीईओ ने शिक्षिका को फोन किया था।

परिजन का आरोप है कि इसके बाद ही वह बीमार हुई और लखनऊ में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित किया था जहां कल उन्हें मृत घोषित किया गया था।इस मामले में शिक्षक संगठनों ने बीआरसी पर तीन दिन पहले जोरदार प्रदर्शन भी किया था।