सहारनपुर में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट पर हंगामा, जिलाध्यक्ष के कपड़े फटने का दावा
उप्र के सहारनपुर कलेक्ट्रेट के बाहर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुतला फूंकने के प्रयास के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर कलेक्ट्रेट के बाहर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुतला फूंकने के प्रयास के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्रता और मारपीट की। उनका दावा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और कांग्रेस के बैनर भी फाड़े गए।
वहीं, कांग्रेस नगर अध्यक्ष मनीष त्यागी को पुलिस द्वारा पकड़कर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया। महिला कार्यकर्ताओं ने भी इसका विरोध किया, लेकिन पुलिस के सामने उनकी एक नहीं चली।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट का गेट बंद होने के बावजूद कुछ कार्यकर्ता गेट पर चढ़ गए और उसे खुलवाने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद बढ़ गया।
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।



