हरदोई: एक लाख का इनामी कलुआ पुलिस के हत्थे चढ़ा, बकरी चोरी से शुरू हुआ अपराध का सफर

उप्र के हरदोई जनपद की मल्लावां पुलिस और आगरा STF को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी और मोस्ट वांटेड अपराधी कलुआ को आगरा के हाथी घाट इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

हरदोई: एक लाख का इनामी कलुआ पुलिस के हत्थे चढ़ा, बकरी चोरी से शुरू हुआ अपराध का सफर
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद की मल्लावां पुलिस और आगरा STF को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी और मोस्ट वांटेड अपराधी कलुआ को आगरा के हाथी घाट इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और जानलेवा हमलों समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक अपराधी कलुआ ने साल 2020 में हरदोई के मल्लावां क्षेत्र से 7 बकरियां चोरी कर अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उसने लगातार कई जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया और धीरे-धीरे पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया।

कलुआ के खिलाफ कासगंज, हाथरस, एटा, हरदोई, मथुरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोप लगे हुए हैं।

उसकी गिरफ्तारी पर आईजी लखनऊ रेंज द्वारा 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी।

आखिरकार मल्लावां पुलिस और आगरा STF की संयुक्त कार्रवाई में उसे आगरा के हाथी घाट से दबोच लिया गया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।