रायबरेली: सलोन विधायक अशोक कुमार कोरी ने बिजली कटौती पर जताई नाराजगी, प्रबंध निदेशक को लिखा पत्र

उप्र के रायबरेली जनपद के सलोन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अशोक कुमार कोरी ने क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।

रायबरेली: सलोन विधायक अशोक कुमार कोरी ने बिजली कटौती पर जताई नाराजगी, प्रबंध निदेशक को लिखा पत्र
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के सलोन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अशोक कुमार कोरी ने क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। विधायक ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र देकर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि सलोन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बिजलीघरों में रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति नहीं की जा रही है। रात के समय 6 से 8 घंटे तक इमरजेंसी कटौती के नाम पर बिजली बंद रखी जा रही है, जिससे भीषण गर्मी में आम जनता परेशान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अधिकारी सरकार की मंशा के विपरीत कार्य कर रहे हैं और जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने यह भी कहा कि कई अधिकारी जनता के फोन नहीं उठाते, शिकायतकर्ताओं के नंबर ब्लॉक कर देते हैं और समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं ले रहे हैं।

पत्र में विधायक ने विशेष रूप से ऊंचाहार और करहिया बिजलीघरों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अनावश्यक कटौती से ग्रामीणों और उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि लोग रात-दिन बिजलीघरों पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।

विधायक अशोक कुमार कोरी ने प्रबंध निदेशक से मांग की है कि सलोन क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।